इंसान का इस दुनिया को छोड़कर जाना, उसके परिवारवालों और यार-दोस्तों के लिए काफी मुश्किल होता है. हर कोई चाहता है कि गुजरा हुआ व्यक्ति अपनी अंतिम यात्रा से लौट आए, अपने ताबूत या अर्थी में से उठ खड़ा हो. पर ये संभव नहीं है. पर सोचिए कि अगर सही में ऐसा हो जाए, तो क्या होगा! खुशी तो अपनी जगह है, पर लोगों बहुत ज्यादा हैरानी भी होगी. ऐसी ही हैरानी अमेरिका में भी लोगों को हुई, जब एक मर चुकी महिला दोबारा सांस लेने लगी. उसे ताबूत (USA dead woman comes back to life) में डाल दिया गया था, पर अचानक उसमें से आवाज आने लगी.
डेली स्टार न्यूज वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार 74 साल की कॉन्सटेंस ग्लैंस (Constance Glantz) बुजुर्गों और बीमारों के लिए बने आश्रम में रहा करती थीं. सोमवार की सुबह उनकी तबीयत बिगड़ी और उनकी सांसें थम गईं. उस आश्रम में मौजूद लोगों ने उन्हें मरा हुआ घोषित कर दिया और उन्हें नेब्रास्का (Nebraska, USA) अंतिम संस्कार घर में ले जाने की तैयारी शुरू हो गई.
डॉक्टर ने महिला को किया था मृत घोषित
पर अंतिम संस्कार के दौरान ही एक कर्मी ने गौर किया कि उनकी सांसें चल रही हैं. अचानक पुलिस को बुलाया गया और अंतिम संस्कार घर के कर्मियों को भी तलब किया गया. महिला को सीपीआर दिया गया और फिर उसे तुरंत ही अस्पताल भेजा गया. हैरानी इस बात की है कि वो जब आश्रम में थी, तभी एक डॉक्टर ने उसकी जांच की थी और उसे मृत बताकर उसके डेथ सर्टिफिकेट पर भी साइन किया था.
महिला के परिवार को दी गई सूचना
लैंकेस्टर काउंटी के चीफ डिप्टी बेन हाउचिन ने अपने बयान में कहा कि उनके 31 साल के करियर में ऐसी घटना पहले कभी नहीं घटी है. उन्हें नर्सिंग होम की ओर से किसी अपराधिक साजिश का पता नहीं लगा है. हालांकि, पुलिस की ओर से इस मामले की जांच की जा रही है. महिला जीवित है, स्वस्थ है, और उसके परिवार को इसके बारे में सूचित कर दिया गया है.

0 Comments