एक माह पहले खरीदी जमीन की खुदाई के वक्त आई टन्न की आवाज, निकला मटके में भरा सोने का खजाना




कहते हैं जब ऊपर वाला देता है तो छप्पर फाड़ कर देता है। अब तेलंगाना के जनगांव का ही मामला ले लें, जहां एक व्यक्ति ने पिछले महीने एक जमीन खरीदी थी और अब जब उसे बराबर कराने के लिए खुदाई शुरू करवाई, तो वहां उसे जमीन के नीचे सोने का खजाना मिल गया।



जी हां, यह मामला है तेलंगाना के जनगांव जिले का। यहां के पेमबर्थी गांव की एक जमीन के अंदर एक तांबे के बर्तन में छिपा हुआ खजाना गुरुवार को इसकी खुदाई के दौरान बाहर निकला। हालांकि सोने का खजाना मिलने की खबर जंगल में आग की तरह फैली और कई लोग खजाने को देखने के लिए इकट्ठा हो गए। यहां तक की कुछ लोगों ने तो धातु के बर्तन की पूजा भी की। आनन-फानन में प्रशासनिक अधिकारियों को इसकी खबर दी गई, जिसके बाद सारा सामान जिलाधिकारी कार्यालय ने जब्त कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक हैदराबाद के निवासी और इस जमीन के मालिक नरसिम्हा कथित तौर पर एक रियल एस्टेट व्यवसायी हैं। गुरुवार को वह वारंगल को हैदराबाद से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-163 के बगल में अपनी 11 एकड़ भूमि को आवासीय भूखंड में बदलने के लिए जमीन की खुदाई करवा रहे थे।

लगभग 11 बजे खुदाई करते समय उस भूखंड में करीब 2 फीट की गहराई में उन्हें एक बर्तन मिला जिसमें सोने और चांदी के बेशकीमती गहने भरे हुए थे। इसके बाद नरसिम्हा ने पुलिस और स्थानीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी।

स्थानीय मीडिया से बातचीत में जनगांव के सहायक पीठासीन अधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने कहा, "जब हमें इस खजाने के मिलने के बारे में सूचना मिली तो हमने कीमती सामान बरामद किया और इसे कलेक्ट्रेट भेज दिया। इसके अलावा अगले आदेश तक उस परिसर में किसी भी तरह की खुदाई गतिविधि को ना किए जाने संबंधी निर्देश के संपत्ति के मालिक को जारी किए गए हैं।"

जमीन के नीचे बरामद किए गए इस खजाने का कुल वजन करीब पांच किलोग्राम है। इसमें 189.820 ग्राम वजन के सोने के गहने और 1.727 किलोग्राम वजन के चांदी के आभूषण शामिल है। अधिकारियों ने कहा कि सोने और चांदी के गहनों के साथ ही 6.5 ग्राम वजनी माणिक भी पाया गया है और तांबे के बर्तन का वजन 1.200 किलोग्राम है।

Post a Comment

0 Comments