
अनुभवी स्पिनर आर अश्विन के पास एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका है। अगर आर अश्विन दिल्ली कैपिटल्स के लिए आइपीएल में एक विकेट चटकाने में सफल हो जाते हैं तो वे एक इतिहास भारत के लिए रच देंगे। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गुरुवार को जब वे मैदान पर उतरेंगे तो सभी की निगाहें आर अश्विन की गेंदबाजी पर होंगी, क्योंकि वे टी20 क्रिकेट में 250 विकेट लेने के काफी करीब हैं।
ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन टी20 क्रिकेट में 250 विकेट पूरे करने से एक विकेट दूर हैं। 34 वर्षीय अश्विन के नाम आइपीएल करियर में उनके नाम पर 139 विकेट हैं, जबकि उन्होंने 46 टी20 मैचों में भारत के लिए 52 विकेट हासिल किए हैं। उनके बाकी विकेट घरेलू सर्किट में आए हैं। वह आइपीएल में छठे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। लसिथ मलिंगा इस लिस्ट में सबसे ऊपर हैं, जिन्होंने 170 विकेट चटकाए हैं।
अगर वे एक सफलता हासिल कर लेते हैं तो वे भारत के पहले ऐसे गेंदबाज बन जाएंगे, जिन्होंने टी20 क्रिकेट में 250 विकेट चटकाए हैं। दिल्ली कैपिटल्स के आइपीएल 2021 अभियान की बात करें तो टीम गुरुवार को राजस्थान रॉयल्स से भिड़ने के लिए तैयार है। दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपने आखिरी पांच मैच जीते हैं। सीएसके के खिलाफ पहले गेम में जीत टीम के लिए आत्मविश्वास बढ़ाने का काम करेगी।
दिल्ली कैपिटल के कप्तान के रूप में अपने पहले मैच में रिषभ पंत ने विजयी प्रदर्शन देखा था, क्योंकि उनके टीम ने एमएस धौनी की अगुवाई वाली चेन्नई सुपर किंग्स को वानखेड़े स्टेडियम में सात विकेट से हराया था। दिल्ली के कैपिटल्स ने 188 रन के लक्ष्य का पीछा किया था। पृथ्वी शॉ और शिखर धवन ने सीएसके के खिलाफ दिल्ली को शानदार शुरुआत दिलाई थी, जिसके दम पर दिल्ली कैपिटल्स को जीत मिली थी।
0 Comments