दशहरे पर हुई थी कहासुनी, देते थे धमकियां
पुलिस के मुताबिक, रिंकू के बड़े भाई मनु शर्मा के बयान पर पहले हत्या की कोशिश, आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया था। लेकिन रिंकू की मौत के बाद हत्या के सेक्शन को जोड़ दिया गया है। 19 वर्षीय मनु शर्मा ने बयान दिया कि वह माता-पिता व दो भाईयों के साथ मंगोलपुरी स्थित के ब्लॉक में रहते हैं। घर में पिता अजय शर्मा, मां राधा, बड़ा भाई रिंकू और छोटा भाई आशु हैं। मनु का आरोप है कि घर से कुछ ही दूरी पर के ब्लॉक में ही दानिश उर्फ लाली, इस्लाम, मेहताब उर्फ नाटू और जाहिद उर्फ छिंगू रहते हैं। रिंकू और इन चारों के बीच दशहरे पर राम मंदिर पार्क में प्रोग्राम को लेकर कहासुनी हो गई थी। मनु का कहना है कि उसी दिन से यह लोग धमकियां देते थे।
पूरी तैयारी के साथ आए थे हमलावर
एफआईआर के मुताबिक, दानिश अपने रिश्तेदारों इस्लाम, मेहताब, जाहिद के साथ बुधवार रात करीब 10.30 बजे घर के सामने गली में आया। सभी के हाथों में हथियार और डंडे थे। ये लोग रिंकू के घर के बाहर आकर गाली गलौज करने लगे। मनु और उसके भाई रिंकू शर्मा ने टोका कि गली में महिलाएं रहती हैं, इसलिए यहां गाली गलौज न करो। इस दौरान कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि इस्लाम ने आकर रिंकू का गला पकड़ लिया और हमला कर दिया। मेहताब ने रिंकू के ऊपर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
चाकू रिंकू की रीढ़ की हड्डी में फंस गया। जब मनु और रिंकू चिल्लाने लगे, तो रिंकू का दोस्त भी आ गया। जब उसने बीच-बचाव किया, तो चारों ने उस पर भी हमला कर दिया। मनु अपने भाई रिंकू को लेकर संजय गांधी अस्पताल ले गया। जहां इनके भाई और दोस्त को भी भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने रिंकू के शरीर से चाकू निकाला। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर चाकू को जब्त किया।

0 Comments