मेंहदी उतरने से पहले ही दुल्हन फरार, दो दिन पहले ही हुए थे सात फेरे

एक लाख रुपए देकर दो दिन पहले ही की थी शादी, दर्शन करने के बहाने रास्ते से हो गई लुटेरी दुल्हन फरार..

दमोह. दमोह में एक युवक लुटेरी दुल्हन का शिकार हो गया। युवक ने एक लाख रुपए बिचौलिए को देकर युवती से शादी की थी। पहले कोर्ट मैरिज हुई और फिर दोनों ने मंदिर में भगवान के सामने सात फेरे लिए। शादी को महज दो दिन का वक्त ही हुआ था कि लुटेरी दुल्हन ने अपना रंग दिखाया वो बांदकपुर दर्शन के बहाने घर से पति के साथ निकली और रास्ते में ही उसे चकमा देकर जेवरात लेकर फरार हो गई।





1 लाख रुपए देकर की थी शादी
बेलखेड़ी गांव के रहने वाले राजेश तिवारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है जिसमें उन्होंने बताया है कि वो शादी करना चाहते थे और इसी सिलसिले में उनकी मुलाकात बटियागढ़ के रहने वाले मुकेश उर्फ हक्कू यादव से हुई थी। जिसके बाद हक्कू ने उसे शादी कराने का आश्वासन दिया और दमोह में एक लड़की दिखाई। लड़की उसे पसंद आई तो उसने ये बात हक्कू को बताई। मुकेश उर्फ हक्कू ने लड़की के लालन-पोषण के नाम पर उससे एक लाख रुपए की मांग की जिसे मंजूर करते हुए उसने पहले 20 हजार रुपए और फिर 80 हजार रुपए मुकेश को दिए। पैसे देने के बाद 16 दिसंबर को मुकेश ने ही उसकी दमोह की रहने वाली रिया तिवारी से कोर्ट मैरिज करा दी। जिसके बाद उन्होंने मंदिर में भी शादी की।






दो दिन बाद दुल्हन फरार
राजेश ने अपनी शिकायत में बताया कि शादी के एक दिन बाद ही पत्नी उससे झगड़ा करने लगी और बांदकपुर दर्शन करने की जिद की। वो पत्नी को बाइक से बांदकपुर लेकर गया जहां से दर्शन कर लौटते वक्त रास्ते में पत्नी ने एक जगह गाड़ी रुकवाई और इतने में ही फोर व्हीलर से कुछ लोग वहां पहुंचे और उसके साथ मारपीट करनी शुरु कर दी। पत्नी भी उनके साथ भाग गई, घटना के बाद राजेश तुरंत बांदकपुर चौके पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी दी। बताया जा रहा है कि शादी कराने वाला मुकेश उर्फ हक्कू भी फरार हो गया है।

Post a Comment

0 Comments