भारत और ऑस्ट्रेलिया (India vs Australia) के बीच बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी (Border Gavaskar Trophy) का दूसरा मैच मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में खेला जाएगा. एडिलेड टेस्ट में मिली शर्मनाक हार के बाद बॉक्सिंग डे टेस्ट में भारतीय क्रिकेट टीम की प्लेइंग इलेवन में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. इसके साथ ही राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) में भी कई युवा खिलाड़ियों को तैयार किया जा रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रीय खेल अकादमी में बाएं हाथ के देवदत्त पडीक्कल (Devdutt Padikkal) की ग्रूमिंग की जा रही है.
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, एनसीए में युवा पीढ़ी के टेस्ट क्रिकेटरों को तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है. ऐसे में उम्मीद है कि भारत की अगली दो टेस्ट सीरीज के लिए एक युवा को शामिल किया जा सकता है. ऑस्ट्रेलिया सीरीज में टीम प्रबंधन अगले तीनों मैचों में ऋषभ पंत को आजमा सकता है. पंत का प्रदर्शन ऑस्ट्रेलिया में अगर अच्छा रहा तो उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में भी मौका मिलना तय है. वहीं, अभ्यास मैचों में शानदार बल्लेबाजी करने वाले शुभमन गिल को सलामी बल्लेबाज के तौर पर भी मौका मिल सकता है.
सूत्र के मुताबिक, कप्तान विराट कोहली ने मंगलवार को भारत रवाना होने से पहले टीम से बात की और बाकी बची हुई सीरीज के लिए खिलाड़ियों को मोटिवेट किया. इसके साथ ही सूत्र के मुताबिक, बेंगलुरु में एनसीए अकादमी में बाएं हाथ के बल्लेबाज देवदत्त पडीक्कल को तैयार किया जा रहा है, बतौर बैकअप ओपनर के लिए. राहुल द्रविड़ एनसीए के प्रमुख हैं. ऐसे में उनकी देखरेख में युवा खिलाड़ियों को तैयार किया जा रहा है.
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने आईपीएल 2020 में एरॉन फिंच के साथ नियमित ओपनर पार्थिव पटेल की जगह देवदत्त पडीक्कल को चुना था. देवदत्त ने आरसीबी की उम्मीदों को पूरा किया. वह आरसीबी के मजबूत स्तंभ बनकर उभरे. पडीक्कल ने 15 मैचों में 31.53 की औसत और 124.80 के स्ट्राइक रेट से 473 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने 5 अर्धशतक भी जड़े. आईपीएल में उनके परफॉर्मेंस के बाद उनसे कई उम्मीदें जुड़ गई हैं.

देवदत्त पडिक्कल आईपीएल 2020 में बेहतरीन फॉर्म में नजर आए
बता दें कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड टेस्ट में भारत को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा है. पहली पारी में लीड लेने के बाद दूसरी पारी में टीम इंडिया मात्र 36 रन पर सिमट गई थी, जिसके बाद उसे डे-नाइट टेस्ट में 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. भारत की इस हार के बाद बल्लेबाजों को काफी आलोचना झेलनी पड़ रही है. ऐसे में कई क्रिकेट एक्सपर्ट्स भी भारत के बैटिंग लाइनअप को लेकर अपनी-अपनी राय दे रहे हैं.

0 Comments