अमृतसर के 7600 विद्यार्थियों को मिले स्मार्ट फोन






पंजाब सरकार की ‘स्मार्ट कनेक्ट’ योजना के तहत अमृतसर जिले के 43 स्कूलों के 7600 विद्यार्थियों को स्मार्ट फ़ोन बाँटे गए हैं।


पंजाब के चिकित्सा शिक्षा मंत्री ओम प्रकाश सोनी ने ज़िला स्तर पर सरकारी सीनियर सेकंडरी स्कूल नया कोट में स्मार्ट फ़ोन बाँटने की शुरुआत की जिसमें पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने वर्चुअल तरीके से भाग लिया।



श्री सोनी ने कहा कि राज्य सरकार सभी सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को नवीनतम तकनीक के द्वारा मानक शिक्षा मुहैया करवाने के लिए वचनबद्ध है और अब जब कोरोना वायरस महामारी के दौरान स्कूल बंद हैं तो विद्यार्थियों को आनलाइन पढ़ाई में हर संभव सहायता करने के लिए पंजाब सरकार की तरफ से यह स्मार्ट फ़ोन बाँटे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार की तरफ से पहले चरण में 50,000 छात्रों को स्मार्ट फ़ोन मुहैया करवाए गए हैं और दूसरे चरण में 12वीं कक्षा के 80,000 छात्रों को स्मार्ट फ़ोन मुहैया करवाए जा रहे हैं।


श्री सोनी ने बताया कि जिले के सभी 419 स्कूल स्मार्ट बन चुके हैं और इसी कड़ी के अंतर्गत सरकारी स्कूलों को स्मार्ट रंगत देने के लिए जिले के अलग-अलग स्कूलों को अब तक प्रोजेक्टर प्रदान करने के अलावा स्मार्ट क्लास रूम बनाने के लिए बड़े स्तर पर ग्रांट जारी की गई हैं।

Post a Comment

0 Comments