
उत्तर प्रदेश के स्कूलों में 2971 पदों पर भर्तियां होंगी. ये नियुक्तियां माध्यमिक शिक्षा विभाग से सहायता प्राप्त स्कूलों में होंगी. प्रदेश के सहायता प्राप्त स्कूलों में 9987 लिपिक के पद हैं, जिनमें से 2971 पद खाली हैं. इस संबंध मे शासन स्तर पर विचार विमर्श चल रहा है, इसको लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में एक बैठक हुई, जिसमें इन रिक्त पदों पर भर्तियों को लेकर मंथन हुआ, हालांकि इस पर कोई फैसला नहीं हो पाया.
कौन करेगा नियुक्ति
उच्च स्तरीय बैठक में इस बात पर विचार विमर्श हुआ कि माध्यमिक शिक्षा विभाग के सहायता प्राप्त स्कूलों में इन पदों पर जो नियुक्तियां होनी हैं, वह भर्ती अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) के जरिये होंगी या फिर नए बनने वाले शिक्षा सेवा चयन आयोग के माध्यम से या फिर पुरानी प्रक्रिया के तहत सीधी भर्ती से इन पदों को भरा जाए. सरकार की मंशा इन भर्तियों के लिए लिखित परीक्षा कराने की है. इन पदों पर होने वाली नियुक्तियां सरकारी खजाने से होगी, इसलिए सरकार इसको लेकर गंभीर है और सरकार ये भर्तियां नियमों के अनुसार ही कराना चाहती है. इससे पहले होने वाली भर्तियों में अवैधानिक व मनमानी की सूचनाएं आती रहीं हैं, इसलिए सरकार अब ऐसा नहीं होने देना चाहती.
0 Comments