
सरदार वल्लभभाई पटेल नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलाजी (एसवीएनआईटी) का 18वां दीक्षांत समारोह में शुक्रवार को आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल वीडियो कांफ्रेंसिंग से शामिल हुए। इसमें 1180 छात्रों को डिग्रियां बांटी गई। इसमें से 720 छात्र बीटेक, 262 एमटेक, 87 डॉक्ट्रेट के छात्र शामिल हैं। इसके अलावा 26 छात्रों को गोल्ड मेडल दिया गया। कोरोना संक्रमण को देखते हुए समारोह में ज्यादा छात्रों को नहीं बुलाया गया।
संस्थान के वेबसाइट पर ऑनलाइन आयोजन किया गया था। बीटेक मैकेनिकल इंजीनियरिंग के छात्र मौलिक ठुम्मर ने ग्रेजुएशन के कई प्रोग्राम में टॉप किया। ओवरऑल इंस्टीट्यूट टॉप करने के कारण मौलिक ने 5 गोल्ड मेडल हासिल किए। मौलिक ने बताया कि वर्ष 2016 में जेईई की परीक्षा में उन्हें 13000वीं रैंक पर मिली।
इससे उन्हें सिविल इंजीनियरिंग में एडमिशन मिला था, जबकि वह मैकेनिकल इंजीनियरिंग में प्रवेश चाहते थे। मौलिक ने बताया- मेरे पापा कमलेश भाई डायमंड वर्कर हैं। उनका वेतन 10000 से 15000 रुपए प्रति माह है। एसवीएनआईटी की वार्षिक फीस 1.30 लाख रुपए थी।
पापा आठवीं तक ही पढ़े हैं, लेकिन वह मुझे इंजीनियर बनते देखना चाहते थे। आज उनका सपना पूरा हुआ है। इंस्टीट्यूट में टॉप रैंक मिली है। मैंने 4 वर्ष तक पढ़ाई करने के बाद अब 6.5 लाख रुपए के एनुअल पैकेज पर नौकरी शुरू कर दी है।
0 Comments