इंडियन प्रीमियर लीग 2020 के फाइनल मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने पांच विकेट से दिल्ली कैपिटल्स को हरा दिया. मुंबई इंडियंस को 157 रनों का लक्ष्य मिला था जिसे उसने 18.4 ओवर में ही हासिल कर लिया. मुंबई इंडियंस की जीत के हीरो कप्तान रोहित शर्मा और तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट रहे. रोहित शर्मा ने फाइनल मैच में 68 रनों की पारी खेली और ट्रेंट बोल्ट ने 4 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट झटके. मुंबई इंडियंस ने इस जीत के साथ ही कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिये.
मुंबई इंडियंस ने पांचवीं बार आईपीएल का खिताब जीता. ये टीम पहले पांच सीजन में एक भी खिताब नहीं जीती थी लेकिन रोहित शर्मा को कप्तान बनाने के बाद इस टीम की किस्मत बदल गई. मुंबई इंडियंस ने रोहित के कमान संभालते ही 8 सीजन में पांचवीं बार ट्रॉफी जीती.
मुंबई इंडियंस आईपीएल की दूसरी टीम बनी जिसने लगातार 2 बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. मुंबई इंडियंस से पहले चेन्नई सुपरकिंग्स ने साल 2010-11 में चेन्नई सुपरकिंग्स ने लगातार दो आईपीएल जीते थे.
मुंबई इंडियंस ने तीसरी बार अंक तालिका में टॉप का स्थान हासिल करने के बाद आईपीएल चैंपियन बनने में कामयाबी हासिल की. मुंबई इंडियंस ने साल 2017, 2019 और अब 2020 में ये गौरव हासिल किया. मुंबई इंडियंस के अलावा सिर्फ राजस्थान रॉयल्स ने 2008 में चैंपियन बनने के साथ अंक तालिका में पहले नंबर पर जगह बनाई थी.
मुंबई इंडियंस ने पांचवीं बार आईपीएल जीता लेकिन रोहित शर्मा छठी बार इस टूर्नामेंट को जीतने में कामयाब रहे. रोहित शर्मा पांच आईपीएल जीतने वाले एकलौते कप्तान हैं. बड़ी बात ये है कि उन्होंने इस सीजन में शानदार अर्धशतक लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाई. बता दें रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस से पहले डेक्कन चार्जर्स के साथ भी 2009 में आईपीएल जीत चुके हैं. रोहित शर्मा के बाद कायरन पोलार्ड 5 बार आईपीएल जीतने वाले टीम का हिस्सा रहे हैं.

0 Comments