मार्कस स्टोइनिस की आतिशी पारी और कगिसो रबाडा की घातक गेंदबाजी के दम पर दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) को 59 रनों से मात दे दी. दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी को 197 रनों का लक्ष्य दिया था, मगर विराट कोहली की टीम निर्धारित ओवर में नौ विकेट पर 137 रन ही बना सकी. पृथ्वी शॉ, मार्कस स्टोइनिस की धारदार बल्लेबाजी के दम पर दिल्ली ने निर्धारित ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 196 रन बनाए थे.
दिल्ली के अटैक के सामने टिक नहीं पाए कोहली के धुरंधर
दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजों के सामने आरसीबी के धुरंधर टिक नहीं पाए और एक एक करके टीम बिखर गई. पहले देवदत्त पडिक्कल, एरोन फिंच और फिर एबी डिविलियर्स आउट हुए. 43 रन पर तीन विकेट गिरने के बाद एक छोर से विराट कोहली ने पारी संभालने की कोशिश की, मगर दूसरे छोर पर मोईन अली आउट हो गए. 94 रन पर विराट कोहली के रूप में आरसीबी को पांचवां झटका लगका. कोहली ने 39 गेंदों पर 43 रन की पारी खेली. कप्तान के पवेलियन लौटने के साथ ही आरसीबी की रही सही उम्मीद भी खत्म हो गई. वाशिंगटन सुंदर 17,शिवम दुबे 11, उडाना 1 और मोहम्मद सिराज 5 रन ही बना सके. कगिसो रबाड़ा ने 4 विकेट लिए, जबकि नॉर्तेजे ने दो और आर अश्विन ने एक विकेट लिया.
दिल्ली कैपिटल्स ने की विस्फोटक शुरुआत
इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स ने विस्फोटक अंदाज ने अपनी पारी का आगाज किया था. सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ और शिखर धवन के बीच 68 रन की साझेदारी हुई. 68 रन पर मोहम्मद सिराज ने शॉ को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा था. शॉ ने 23 रन पर 5 चौके और 2 छक्के लगाकार 42 रन की पारी खेली थी. इसके बाद धवन भी जल्द ही पवेलियन लौट गए. आरसीबी के खिलाफ कप्तान श्रेयस अय्यर का भी बल्ला नहीं चल पाया और वह अली की गेंद पर आउट हो गए. देवदत्त पडिक्कल ने अय्यर का अद्भुत कैच लपका. 90 रन पर तीन विकेट गिरने के बाद ऋषभ पंत ने मार्कस स्टोइनिस के साथ मिलकर कोहराम मचाया.
पंत और स्टोइनिस का कोहराम
एक समय दिल्ली भी मुश्किल में आ गई थी. मगर इसके बाद पंत और मार्कस स्टोइनिस ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी शुरू की. दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हुई. 179 रन पर दिल्ली को पंत के रूप में चौथा झटका लगा. पंत ने 25 गेंदों पर 37 रन की पारी खेली. उनके आउट होने के बाद स्टोइनिस ने और अधिक तेजी से रन जुटाने की कोशिश और नाबाद 53 रन की पारी खेली. स्टोइनिस ने 26 रन पर 6 चौके और दो छक्के लगाकर 53 रन बनाए). वहीं दूसरे छोर शिमरोन हेटमायर ने नाबाद 11 रन की पारी खेली. मोहम्मद सिराज ने दो, इसुरु उडाना और मोईन अली ने एक एक विकेट लिए.

0 Comments