सुशांत सिंह राजपूत की मौत (Sushant Singh Rajput Death Case) से जुड़े ड्रग्स केस (Drugs Connection) में मुंबई के भायखला जेल में बंद एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती (Rhea Chakraborty) की जमानत अर्जी पर बॉम्बे हाईकोर्ट (Bombay High Court) आज फैसला सुना सकता है. पिछले हफ्ते कोर्ट ने फैसला रिजर्व रख लिया था. लोअर कोर्ट से 2 बार अर्जी खारिज होने के बाद एक्ट्रेस ने हाईकोर्ट में अपील की थी. नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने रिया को 8 सितंबर को गिरफ्तार किया था. रिया के साथ उनके भाई शोविक और सुशांत के हाउस मैनेजर रहे सैमुअल मिरांडा की जमानत अर्जियों पर भी हाईकोर्ट आज फैसला सुना सकता है.
NCB ने रिया और शोविक की जमानत का विरोध किया है. जांच एजेंसी ने कोर्ट में दिए एफिडेविट में कहा है कि रिया और शोविक ड्रग्स सिंडिकेट के एक्टिव मेंबर्स हैं. दोनों कई हाई सोसाइटी लोगों और ड्रग्स सप्लायर्स से जुड़े हुए हैं. इन पर धारा 27A लगाई गई है, इसलिए इन्हें जमानत नहीं मिलनी चाहिए. NCB ने कहा कि रिया ने ड्रग्स खरीदने की बात कबूल की है. उन्होंने माना कि ड्रग्स खरीदने के लिए सैमुअल मिरांडा, दीपेश सावंत और शोविक से कहा था.
20 अक्टूबर तक बढ़ी रिया की न्यायिक हिरासत
वहीं, मंगलवार को न्यायिक हिरासत खत्म होने के बाद रिया को सेशन कोर्ट में पेश किया गया. सेशन कोर्ट ने एक्ट्रेस की न्यायिक हिरासत (Judicial Custody) 14 दिन और बढ़ा दी है. रिया चक्रवर्ती अब 20 अक्टूबर तक जेल में रहेंगी.
वकील का आरोप - जांच में हस्तक्षेप कर रहा सुशांत का परिवार
रिया चक्रवर्ती की टीम के वकीलों ने सुशांत सिंह राजपूत के परिवार और उनके वकीलों पर जांच में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया है. रिया चक्रवर्ती और उनके भाई शोविक का केस लड़ रहे वकील सतीश मानशिंदे ने कहा कि सुशांत की फैमिली और वकील केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और एम्स की फॉरेंसिक टीम की जांच पर संदेह जता रहे हैं. वकीलों ने चेतावनी दी है कि वे इस मुद्दे को अदालतों के सामने रखेंगे.
सुशांत पहले से ड्रग्स लेते थे
रिया चक्रवर्ती के वकील ने अदालत में कहा था कि रिया के सुशांत की लाइफ में आने से पहले ही वे ड्रग्स लेते थे. सुशांत को रिया के साथ लिव-इन में रहने के पहले से ड्रग्स की लत थी. रिया की तरह ही श्रद्धा कपूर और सारा अली खान ने कहा है कि सुशांत 2019 से पहले से ड्रग्स लिया करते थे.
अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर के लिए हाईकोर्ट गईं बहनें
इस बीच सुशांत की बहनें प्रियंका सिंह और मीतू सिंह ने हाल ही में बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख किया है. रिया ने सुशांत की बहनों के खिलाफ आरोप लगाया था कि वे सुशांत को बिना प्रिस्क्रिप्शन के दवाईंयां दे रहीं थीं. बहनों की ओर से दायर याचिका में कहा गया है कि शिकायत और एफआईआर से पता चलता है कि यह कोई संज्ञेय अपराध नहीं है. जिन दवाओं के बारे में कहा गया है उन पर कोई प्रतिबंध नहीं है.
0 Comments