यह मौसम ही कुछ ऐसा है। कभी बारिश, तो कभी गर्मी। इस करवट लेते मौसम का अपना मजा है, लेकिन यह अपने साथ कुछ मुसीबतें भी लेकर आता है। शाम होते ही आप इस डर से खिड़की-दरवाजे बंद करना शुरू कर देती हैं कि कहीं मच्छर घर के अंदर न आ जाएं। रात के वक्त बत्ती जलाने नहीं, बल्कि बुझाने पर मजबूर हो जाती हैं, क्योंकि अनगिनत कीड़े आपके बल्ब पर धावा बोल देते हैं।
मानसून भले ही अब जा रहा हो, लेकिन मानसून के साथ आए ये मेहमान इतनी आसानी से टस-से-मस नहीं होते। मजबूरन आपको रसायनों का सहारा लेना पड़ता है। कीड़े-मकोड़ों को भगाने के लिए उपलब्ध कीटनाशक में ज्यादातर डीट, परमेर्थीन जैसे रसायन का इस्तेमाल होता है, जिनसे त्वचा और आंखों में जलन और खुजली की समस्या होने लगती है।
कीटनाशकों के ज्यादा इस्तेमाल से इनमें मौजूद रसायन ऑक्सीजन को दूषित करते हैं। सांस के जरिए हमारे शरीर में पहुंचने के बाद ये कीटनाशक सांस और फेफड़ों संबंधी समस्याएं पैदा कर देते हैं। लोग इसकी वजह से एलर्जी के शिकार भी हो जाते हैं।
लेकिन इस बार कीटनाशकों से छुटकारा पाने के लिए आपको न एलर्जी का शिकार होना पड़ेगा और न ही घर में इन्हें मारने के लिए तरह-तरह की दवाएं लानी पड़ेंगी। कीटाणुओं से छुटकारा पाने के लिए एक दफा अपनी रसोई और बगीचे को आजमाकर देखिए। समस्या तो दूर होगी ही, साथ ही आप रसायनों के बुरे असर से भी बची रहेंगी। घरेलू नुस्खों की मदद से कैसे इन परेशानियों से पाएं छुटकारा पढ़ें यहां:
पत्तियां दिखाएंगी कमाल
जो पत्तियां हमारे स्वाद और सेहत का भरपूर ख्याल रखती हैं, उन सबसे कीड़े-मकोड़ों को सख्त नफरत होती है। इन फायदेमंद पत्तियों में सबसे पहले तुलसी की बात होनी चाहिए। इसका पौधा खिड़की के पास रखने भर से उस रास्ते से मच्छरों का आना बंद हो जाएगा, साथ ही तुलसी मच्छरों के प्रजनन को भी रोकती है। तेजपत्ता की महक से कॉक्रोच भागते हैं। बस आप कुछ तेजपत्ता को पीसकर किचन में कॉक्रोच आने वाली जगह पर रख दीजिए। पुदीना भी मच्छर भगाने में कारगर है। आप इसका पौधा भी लगा सकती हैं।
एसेंशियल ऑयल से लें मदद
एसेंशियल ऑयल से आप खुद ही कीटनाशक तैयार कर सकती हैं। ये रासायनिक नहीं होते, इसलिए सुरक्षित होते हैं। एक स्प्रे बोतल में डिस्टिल्ड वॉटर (बैट्री आदि में डाला जाने वाला पानी) भर लें। इसमें 6-6 बूंद लेमन, यूकेलिप्टस और सिट्रोनेला तेल डालें। साथ ही आधा चम्मच बादाम या नारियल का तेल भी मिला लें। हर इस्तेमाल से पहले इसे अच्छे से हिला लें। आप अपनी खाली हो चुकी ऑल आउट की शीशी से भी मच्छर मारने की दवा तैयार कर सकती हैं। इसमें नीम का तेल और कपूर डालें। मशीन में लगाकर हमेशा की तरह इस्तेमाल करें। मच्छर दूर रहेंगे। एक स्पंज में कुछ बूंदें लैवेंडर की डालकर रख दीजिए। इसकी खुशबू से कीड़े घर में नहीं आएंगे।

0 Comments