IPL का ये 'हैट्रिक मैन', UAE में दिखा पाएगा अपनी फिरकी का कमाल

IPL का ये 'हैट्रिक मैन', UAE में दिखा पाएगा अपनी फिरकी का कमाल?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 13वें संस्करण का आगाज 19 सितंबर को अबु धाबी में गत चैम्पियन मुंबई इंडियंस (MI) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के मुकाबले से होगा. आईपीएल के रिकॉर्ड की बात करें तो 37 साल के लेग स्पिनर अमित मिश्रा विश्व की सबसे लुभावनी टी-20 लीग में खास रिकॉर्ड रिकॉर्ड अपने नाम रखते हैं. अमित मिश्रा के आईपीएल में पिछले शानदार प्रदर्शन की अनदेखी नहीं की जा सकती. दिल्ली कैपिटल्स (DC) के कोच रिकी पोंटिंग की उन पर खास नजर है.

आईपीएल में अब तक (2019 तक) 16 गेंदबाजों ने हैट्रिक लगाई है. 37 साल के लेग स्पिनर अमित मिश्रा आईपीएल में तीन बार हैट्रिक जमाने वाले एकमात्र गेंदबाज है. उन्होंने दिल्ली डेयरडेविल्स (2008), डेक्कन चार्जर्स (2011) और सनराइजर्स हैदराबाद (2013) के लिए हैट्रिक ली थी. दिल्ली कैपिटल्स (DC) के मौजूदा गेंदबाज अमित मिश्रा (157)  ने आईपीएल में लसिथ मलिंगा (170) के बाद सर्वाधिक विकेट चटकाए हैं. 

IPL: अमित मिश्रा की तीन हैट्रिक

1. 2008- दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ
2. 2011- डेक्कन चार्जर्स के लिए किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ
3. 2013- सनराइजर्स हैदराबाद के लिए पुणे वॉरियर्स के खिलाफ

युवराज: एक ही सीजन में दो हैट्रिक

युवराज सिंह ने किंग्स इलेवन पंजाब (KXIP) की और से खेलते हुए एक ही सीजन में दो बार हैट्रिक लेने का कारनामा किया है. 2009 में किंग्स इलेवन पंजाब के लिए खेलते हुए उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ हैट्रिक ली, जबकि दूसरी भी उसी साल डेक्कन चार्जर्स के विरुद्ध ली.

रोहित शर्मा भी लगा चुके हैं हैट्रिक

आईपीएल में हैट्रिक लेने वालों में की लिस्ट में रोहित शर्मा का भी नाम शामिल है. रोहित ने आईपीएल में कम ही गेंदबाजी की है. आखिरी बार उन्होंने 2014 आईपीएल में गेंदबाजी की थी. 2009 में डेक्कन चार्जर्स के लिए खेलते हुए उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ हैट्रिक बनाई थी. उस सीजन में रोहित ने हैट्रिक सहित 11 विकेट चटकाए थे. रोहित ऑफ स्पिन गेंदबाजी करते हैं, उन्होंने आईपीएल में अब तक कुल 15 विकेट चटकाए हैं.

बालाजी: पहले ही सीजन में हैट्रिक

लक्ष्मीपति बालाजी आईपीएल में पहली हैट्रिक जमाने का रिकॉर्ड रखते हैं. उन्होंने आईपीएल के पहले ही सत्र में हैट्रिक लेकर चौंकाया था. 10 मई 2008 को उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स की ओर खेलते हुए किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की थी. उस मैच में उन्होंने इरफान पठान, पीयूष चावला और वीआरवी सिंह को लगातार गेंदों पर आउट किया था.


Post a Comment

0 Comments