
IPL 2020 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पहले चेन्नई के खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया और फिर टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में शामिल बाएं हाथ के बल्लेबाज सुरेश रैना ने टूर्नामेंट से नाम वापस से लिया। इसके बाद अब एक और तगड़ा झटका एमएस धौनी की कप्तानी वाली टीम को अनुभवी गेंदबाज हरभजन सिंह के रूप में लगा है।
खबर आ रही है कि भज्जी ने आईपीएल 2020 से नाम वापस ले लिया है। भज्जी ने निजी कारणों के चलते आईपीएल के 13वें सीजन से हटने का फैसला लिया है। हालांकि अभी तक भज्जी या सीएसके की ओर से इसको लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। भज्जी टीम के साथ युनाइटेड अरब अमीरात (यूएई) के लिए रवाना नहीं हुए थे, ऐसा कहा जा रहा था कि वो बाद में टीम से जुड़ेंगे।
बीते सीजन में 16 विकेट हासिल करने वाले भज्जी की गिनती आईपीएल इतिहास में तीसरे सबसे सफल गेंदबाजों में होती है। लसिथ मलिंगा (170), अमित मिश्रा (157) के बाद ‘टर्बनेटर’ (150 विकेट) का ही नाम आता है। मुंबई इंडियंस की कप्तानी कर चुके हरभजन सिंह का यह चेन्नई सुपरकिंग्स के साथ तीसरा सीजन होता। 160 मैच में 150 विकेट ले चुके भज्जी के बल्ले से 829 रन भी निकले हैं।
0 Comments