
आपने अब तब कई तरह के हलवों को टेस्ट किया होगा लेकिन क्या आपने कभी अंडे के हलवे के बारे में सुना है. अंडे का ऑमलेट, हाफ फ्राई, भुर्जी या सब्जी तो आपने जरूर खाई होगी लेकिन अंडे के हलवे का स्वाद शायद आपने नहीं चखा होगा. अंडे का हलवा बनाना बहुत ही आसान है. इसे बनाने में ज्यादा समय या मेहनत नहीं लगती. आपको बता दें की अंडे का ये हलवा खाने में दूसरे हलवों की तरह ही लगता है. अगर आपको बताया नहीं जाए तो आप समझ भी नहीं पाएंगे की ये अंडे से बना है. इसलिए इसे एक बार जरूर ट्राई करें. आइए आपको बताते हैं इसे बनाने की आसान रेसिपी के बारे में.
अंडे का हलवा बनाने की सामग्री
अंडे- 5
चीनी- 200 ग्राम
मिल्क मेड- 200 ग्राम
दूध- 200 मिलीलीटर
काजू- 11-12
बादाम- 8-10
पिस्ता- 8-9
इलाइची पाउडर- 1 टेबल स्पून
घी- 50 ग्राम
डालडा- 50 ग्राम
रंग- चुटकीभर
अंडे का हलवा बनाने की विधि
अंडे का हलवा बनाने के लिए सबसे पहले चीनी को मिक्सर में डालें और बारीक पीसकर इसका पाउडर बना लें. अब इस पाउडर में इलाइची पाउडर मिला लें. अब अंडे को फोड़कर इसे चीनी के पाउडर में मिलाएं और अच्छी तरह से मिक्स कर लें. अब इसमें मिल्क मेड, घी और डालडा डालें और मिक्सर में डालकर गाढ़ा पेस्ट तैयार कर लें. इस पेस्ट में थोड़ा सा फूड कलर मिलाएं और फिर से इसे मिक्सर में अच्छे से मिक्स कर लें. अब गैस पर धीमी आंच पर एक कड़ाही चढ़ाए और मिश्रण को कड़ाही में डालें और इसे पकने दें.
इसे पकाते हुए इस बात का ध्यान रखना होगा कि इस मिश्रण को धीमी आंच पर ही पकाएं, नहीं तो अंडा जल्द पक जाएगा और हलवा खराब हो जाएगा. साथ ही इसे लगातार चलाते रहें ताकि ये जले नहीं. इस मिश्रण को धीमी आंच पर कम से कम दस मिनट तक पकाएं. जब यह मिश्रण गाढ़ा हो जाए तो इसमें सूखे मेवे डाल दें. जब मिश्रण घी छोड़ने लगे तब उसे और पांच मिनट तक पकाएं, फिर गैस बंद कर दें. तैयार है आपका अंडे का हलवा, इसे एक सर्विंग बॉउल में निकालें और सूखे मेवों के साथ गार्निश करें. इसे गरमा-गरम ही खाएं.
0 Comments