
सुशांत सिंह राजपूत डेथ केस के लिए बुधवार 19 अगस्त का दिन बेहद ख़ास है, क्योंकि रिया चक्रवर्ती की याचिका पर शीर्ष न्यायालय अपना फ़ैसला सुनाएगा। रिया ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करके केस को पटना से मुंबई ट्रांसफर करने की मांग की है। वहीं, सीबीआई इस मामले की जांच करेगी या नहीं, इसका फ़ैसला भी सुप्रीम कोर्ट को करना है। बुधवार को पूर्वाह्न 11 बजे उच्चतम न्यायालय अपना फ़ैसला सुनाएगा।
पिछले मंगलवार (11 अगस्त) को अदालत ने अपना फ़ैसला सुरक्षित रखा था और सभी पक्षों को जवाब दाख़िल करने के लिए कहा था। गुरुवार (13 अगस्त) को सभी ने जवाब दाख़िल किये थे। बता दें, रिया के ख़िलाफ़ सुशांत के पिता ने पटना में एफआईआर दर्ज़ करवाई है, जिसकी जांच करने बिहार पुलिस मुंबई भी गयी थी। रिया ने इस एफआईआर को पटना से मुंबई स्थानांतरित करने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है।
मामले की सुनवाई जस्टिस ऋषिकेश रॉय की सिंगल बेंच कर रही है। सुप्रीम कोर्ट में सीनियर एडवोकेट श्याम दिवान रिया चक्रवर्ती को रिप्रेजेंट कर रहे हैं, जबकि बिहार पुलिस का पक्ष सीनियर एडवोकेट मनिंदर सिंह और महाराष्ट्र सरकार का पक्ष एएम सिंघवी ने रखा। वहीं, सुशांत के परिवार की ओर से एडवोकेट विकास सिंह ने पक्ष रखा।
सीबीआई ने अपने जवाब में कोर्ट से कहा था कि अदालत को सीबीआई और ईडी को जांच जारी रखने देना चाहिए। वहीं, मुख्य याचिका में तर्क दिया गया है कि मुंबई में सारे ट्रांजेक्शन हुए हैं, लिहाज़ा पटना पुलिस का जांच का कोई अधिकार क्षेत्र नहीं है। अपने जवाब में सीबीआई ने कहा कि याचिका सही नहीं है और कई कारणों से खारिज करने के लिए फिट है।
इससे पहले सुशांत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने ट्वीट करके फरियाद की कि सुप्रीम कोट्र जल्दी से फ़ैसला सुनाए। हर मिनट की देरी से दर्द बढ़ जाता है।
सुशांत सिंह राजपूत की मृत देह उनके बांद्रा स्थित फ्लैट में मिली थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आत्महत्या की पुष्टि हुई। मुंबई पुलिस सुसाइड के साथ कारोबारी एंगल से भी जांच कर रही है। इस केस में मुंबई पुलिस ने 56 लोगों से पूछताछ की, जिनमें सुशांत के परिवार के लोग, दोस्त और स्टाफ़ के अलावा फ़िल्म इंडस्ट्री के लोग भी शामिल हैं।
0 Comments