
कोरबा : जिले के पाली थाना अंतर्गत शुक्रवार सुबह पाली के डूमरकछार में डीज़ल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे डीज़ल सड़क किनारे पर फैल गया। आसपास के लोग बाल्टियों में भरकर अपने घर ले जा रहे हैं। पुलिस के पहुंचने से पहले 1 घंटे तक लोगों की होड़ मची रही ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पाली थाना अंतर्गत डूमरकछार के पास डीजल पेट्रोल लोड टैंकर सुबह करीब 10 बजे अनियंत्रित होकर पलट गया। इसी बीच डीजल पेट्रोल लोड टैंकर पलटने की सूचना पर काफी संख्या में ग्रामीण बाल्टी, डिब्बा और अन्य साधन लेकर टैंकर के पास पहुंच गए और गिर रहे डीजल पेट्रोल को भरने लगे। देखते ही देखते वहां पेट्रोल की लूट मच गई। धक्का मुक्की में लोग अपनी जान को जोखिम में तो डाल ही रहे थे साथ ही साथ लॉकडाउन की धज्जियां भी उड़ा रहे थे। न मुंह पर मास्क और न ही सोशल डिस्टेसिंग लोग मानों कोरोना महामारी को भूल ही गए हो। पाली पुलिस को सूचना करने पर 112 की टीम घटना स्थल पहुंची। तब तक लोग अपनी जान की परवाह किए बगैर डीजल पेट्रोल इकट्ठा करने में लगे हुए थे। 112 की टीम ने लोगों को वहां से भगाया साथ ही टैंकर मालिकों को टैंकर दुर्घटना की सूचना दी गई।
0 Comments