
राजस्थान में सरकार को बनाए रखने के लिए सीएम अशोक गहलोत ने अपने खेमे के सभी विधायकों को 'सोने के पिजरे' में कैद कर रखा है। लेकिन पिंजरा तो पिंजरा ही है चाहे सोने का ही क्यों ना हो। मुख्यमंत्री गहलोत के खेमे के विधायक 14 अगस्त तक जैसलमेर के सूर्यागढ़ होटल में बंद रहेंगे। इस होटल में सभी वीवीआईपी स्तर की सुविधाएं है। लेकिन किसी को बाहर जाने की अनुमति नहीं है।
शहर से करीब 18 किमी दूर बने इस होटल के दस किमी के दायरे में आबादी नहीं है। इस होटल में सुरक्षा को लेकर कोई चूक की गुंजाइश नहीं रखी गई है। इन विधायकों के पहुंचने से पहले ही पुलिस ने इस होटल को अपने हाथों में ले लिया।
राजस्व मंत्री हरीश चौधरी और अल्पसंख्यक मामलात मंत्री शाले मोहम्मद को इसका जिम्मा दिया गया है। जैसलमेर विधायक रूपाराम भी स्वागत में लगे हैं। होटल के चप्पे-चप्पे पर नजर के साथ ही अंदर कैद विधायकों के आस-पास बिना जरूरत परिंदा भी पर नहीं मार पाए, इस तरह के इंतजाम होटल में किए गए हैं।
होटल सूर्यागढ़ की खासियत:
किले से कम नहीं है 90 कमरों का होटल सूर्यागढ़
15-20 हजार रुपए किराया है एक कमरे का रोजाना
35 हजार तक के हैं सुईट
पांच सितारा होटल के समान है व्यवस्थाएं
18 किमी दूर होने से सुरक्षित
हैलीपेड की सुविधा
स्वीमिंगपूल, जिम, स्पॉ सहित आधुनिक सुविधाएं
बीते साल यहां अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के दामाद शादी में आए थे। तब अमेरिका सुरक्षा एजेंसियों ने इसको अभेद्य बना रखा था। इस होटल में पहला समलैंगिक विवाह हुआ था, जिसको लेकर भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम चर्चित रहे थे। होटल में पहले मध्य प्रदेश के सीएम शिवराजसिंह और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी रुके हुए हैं।
अक्षय कुमार की फिल्म हाऊसफुल-4 की ज्यादातर इनडोर शूटिंग इस होटल में ही हुई थी। इसके लिए अक्षय कुमार सहित उनकी टीम एक महीना यहां रुकी थी। उस समय भी गैरवांछित व्यक्ति होटल में कदम नहीं रख सके।
होटल मालिक मेघराजसिंह का जैसलमेर और बीकानेर में भी होटल का कारोबार है, साथ ही बजरी के भी ठेकेदार हैं।
0 Comments