
क्रिस वोक्स की नाबाद 84 रन और विकेटकीपर जोस बटलर की 75 रन की पारियों और दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 139 रन की साझेदारी से इंग्लैंड ने पहले टेस्ट मैच में पाकिस्तान को तीन विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। दोनों की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत इंग्लैंड ने जीत के लिए मिले 277 रन के लक्ष्य को 3 विकेट रहते हासिल कर लिया।
जोस बटलर और क्रिस वोक्स जब क्रीज पर एक साथ आए, उस वक्त इंग्लैंड की स्थिति बहुत अच्छी नहीं थी, लेकिन इस जोड़ी ने शानदार काउंटर अटैक किया। 33 ओवर में 139 रन बनाए। दोनों ही खिलाड़ियों ने शानदार अर्धशतक जड़े। हालांकि, बटलर आखिर में आउट हो गए, लेकिन वोक्स आखिर तक डटे रहे और इंग्लैंड को जीत दिलाई।
मैच के चौथे दिन की शुरुआत पाकिस्तान ने 8 विकेट पर 137 रन से आगे खेलना शुरू किया। ऐसे में स्पिनर यासिर शाह तेजी बल्लेबाजी करते हुए 24 गेंद पर 33 रन जड़ दिए। पाकिस्तान की टीम ने जल्दी ही दो विकेट गंवा दिए और पूरी टीम महज 169 रन पर ढेर हो गई। ऐसे में पहली पारी में मिली 107 रन की बढ़त की बदौलत चौथी पारी में जीत के लिए इंग्लैंड को 277 रन का कठिन लक्ष्य मिला। दूसरी पारी के दौरान यासिर शाह को चार विकेट मिले। जबकि शाहीन अफरीदी, मोहम्मद अब्बास, नसीम शाह ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
0 Comments