
पाकिस्तान ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट के तीसरे दिन शुक्रवार को दूसरी पारी के आठ विकेट 137 रन पर गंवा दिए। पाकिस्तान के पास पहली पारी के आधार पर अब 244 रन की बढ़त है। इससे पहले उसके पहली पारी के 326 रन के जवाब में इंग्लैंड की टीम 219 रन पर आउट हो गई थी।
पहली पारी में करियर का सर्वश्रेष्ठ शतकीय स्कोर बनाने वाले सलामी बल्लेबाज शान मसूद दूसरे ही ओवर में खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए । उन्हें स्टुअर्ट ब्रॉड ने विकेट के पीछे जोस बटलर के हाथों लपकवाया । क्रिस वोक्स ने कप्तान अजहर अली (18) और बाबर आजम (पांच) को पवेलियन भेजा। वहीं आबिद अली को डोम बेस ने आउट किया जिनका कैच वोक्स ने लपका। असद शफीक 29 रन बनाकर रन आउट हो गए। इंग्लैंड के लिये ब्रॉड, वोक्स और स्टोक्स ने दो दो विकेट लिये।
पाकिस्तान ने पहली पारी में 326 रन बनाए। उसके लिए ओपनर शान मसूद ने 319 गेंदों में 18 चौके और दो छक्कों की मदद से सबसे अधिक 156 रन बनाए। उनके अलावा बाबर आजम ने 69 और शादाब खान ने 45 रन का योगदान दिया। इंग्लिश पेसर स्टुअर्ट ब्रॉड और जोफ्रा आर्चर ने 3-3 विकेट झटके। क्रिस वोक्स ने 2 विकेट लिए जबकि जेम्स एंडरसन और डोम बेस को 1-1 विकेट मिला।
0 Comments