किचन की इन तीन चीजों से दूर होगी बालों की हर समस्या, बस ऐसे करें इस्तेमाल

किचन की इन तीन चीजों से दूर होगी बालों की हर समस्या, बस ऐसे करें इस्तेमाल

डैंड्रफ उम्र से पहले सफेद बाल और हेयर फॉल जैसी समस्या से आज हर कोई परेशान है. बिजी लाइफस्टाइल, अनहेल्दी डाइट, लगातार केमिकल प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करना और पॉल्यूशन की वजह से बालों को स्वस्थ रखना मुश्किल होता है. हालांकि अगर आप बालों में नैचुरल प्रोडक्‍ट्स का इस्तेमाल करते हैं तो इनकी कई समस्‍याओं को दूर किया जा सकता है. क्‍या आप जानते हैं कि आपके किचन में ऐसी 3 चीजें मौजूद हैं जो आपको हेल्‍दी हेयर दे सकती हैं. आइए आपको बताते हैं कौन सी हैं वो तीन चीजें जिनके इस्तेमाल से आपके बालों की हर समस्या का समाधान हो सकता है.

करी पत्ता

सब्‍जियों में स्‍वाद बढ़ाने वाला करी पत्‍ता आपके बालों के लिए दवाई की तरह काम करता है. इन्हें अपनी डाइट में शामिल करने के अलावा आप करी पत्ते को हेयर ऑयल और हेयर पैक में भी इस्‍तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए करी पत्‍ते के तीन तने लें और उन्‍हें एक पैन में भून लें. फिर उसमें नारियल का तेल डालें और इसे कम से कम 10 मिनट तक उबलने दें. फिर तेल को रात भर के लिए छोड़ दें. अगली सुबह, एक कंटेनर में तेल को ट्रांसफर करें और सप्ताह में कम से कम दो बार इससे बालों और स्कॉल्प की मसाज करें.

प्याज का रस

प्‍याज में सल्फर पाया जाता है, जो बालों के लिए अमृत समान होता है. यह बालों की जड़ों को मजबूत बनाता है और उन्हें संक्रमण से बचाता है. इसे बाल में लगाने के लिए एक बड़ा प्‍याज लें और उसे पीस कर उसका रस निकाल लें. फिर इसे किसी भी हेयर ऑयल में मिलाएं और स्‍काल्‍प पर लगाएं. इसे 30 मिनट से ज्यादा न रखें. प्याज का रस एक कूलिंग एजेंट के रूप में जाना जाता है, जो समय पर न धोने पर सर्दी और सिरदर्द का शिकार बना सकता है.

दही

स्किन ब्रेकआउट्स से लेकर सनबर्न तक, दही का नियमित इस्तेमाल आपको खूबसूरत बना सकता है. दही प्रोटीन, कैल्शियम, पोटेशियम, मैग्नीशियम और विटामिन ए का एक अच्छा स्रोत है. अगर आप सप्ताह में कम से कम दो बार दही का इस्तेमाल करते हैं तो आपको डैंड्रफ की समस्या से छुटकारा मिलेगा. इससे बालों में शाइन आती है और हेयर ग्रोथ भी होती है. इसे लगाने के लिए आपको 4 बड़े चम्मच दही चाहिए. फिर इसे सिर पर लगाकर 20 से 30 मिनट के लिए छोड़ दें. यदि आपके पास घर पर नींबू है, तो आप इसमें आधा नींबू निचोड़ कर इस्तेमाल कर सकते हैं. ऐसा आपको लगभग 20 दिनों तक करना होगा.

Post a Comment

0 Comments