बिहार, उत्तराखंड में नदियां उफान पर, इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

बिहार, उत्तराखंड में नदियां उफान पर, इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

भारी बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और असम में तबाही मची हुई है. वहीं, मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, ओडिशा, बंगाल में अगले 48 घंटों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. मुंबई में हाईटाइड का अलर्ट जारी किया गया है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज बंगाल की उत्तरी खाड़ी में कम दबाव के क्षेत्र के बनने का अनुमान जताया है. इससे ओडिशा और बंगाल के विभिन्न जिलों में भारी बारिश होगी. खतरे को देखते हुए मौसम विज्ञान केंद्र ने मछुआरों को 6 अगस्त तक गहरे समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है क्योंकि 50 किमी प्रति घंटे तक की गति वाली हवाएं चल सकती हैं.

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटे में राजस्थान, यूपी, बिहार और पश्चिम बंगाल में गरज के साथ बारिश की संभावना है. मंगलवार की सुबह दिल्ली और आसपास के इलाकों में मुसलाधार बारिश हुई. इस बारिश से दिल्ली के लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली और राज्य का तापमान भी कम हो गया. वहीं, मुंबई में भी बीती रात काफी बारिश हुई है. भारी बारिश के कारण यहां कई इलाकों में जलभराव देखा गया है. मौसम विभाग ने बारिश को लेकर मुंबई के लिए रेड अलर्ट जारी किया है.

मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है जहां अभी तक मानसून बहुत सक्रिय नहीं रहा है. उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों-दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में पिछले सप्ताह मानसून सक्रिय था. यह अब दक्षिण की ओर बढ़ गया है. यह अभी राजस्थान में गंगानगर और पिलानी, मध्य प्रदेश के ग्वालियर और उत्तर प्रदेश के बांदा, पश्चिम बंगाल के बहरामपुर आदि क्षेत्रों से होकर गुजर रहा है. इसकी वजह से राजस्थान के कई क्षेत्रों में रविवार से मानसून की बारिश हुई. इससे कई स्थानों पर पानी भर गया.

राजस्थान के धौलपुर में पार्वती नदी कहर ढा रही है. सावन के अंतिम सोमवार को हुई बारिश के बाद नदी में उफान आ गया. नदी के दोनों ओर गाड़ियों और लोगों की भीड़ जमा हो गई. खुर्दिया घाट पर नदी का रौद्र रूप देखकर लोग दहशत में आ गए. लहरें पत्थर की चट्टानों से टकराकर समंदर की तरह उछाल मार रही थीं.

जयपुर में भारी बारिश के बाद सुदर्शन नाला उफान पर आ गया. नाले का पानी सड़कों पर इतनी तेजी से आया कि एक कार भी बह गई. गनीमत रही कि लोगों ने कार में सवार दो युवकों और एक महिला को सुरक्षित बचा लिया.

उत्तराखंड में कुदरत जमकर कहर ढा रही है. एनएच-58 पर जगह जगह भूस्खलन होने के कारण चार धाम यात्रा 7 दिन से बंद है. चट्टान खिसकने की वजह से केदारनाथ हाईवे पर मुसीबत बढ़ गई है और इससे केदारनाथ धाम की यात्रा प्रभावित हुई है. भीरी में हाईवे की ऊपरी पहाड़ी से लगातार मलबा गिर रहा है. इससे गाड़ियों का गुजरना मुश्किल हो गया है. रुद्रप्रयाग मे लगातार 2 दिनों से हो रही बारिश के कारण आवश्यक सामग्री की सप्लाई में भी दिक्कत आ रही है.

उत्तर प्रदेश के मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि राज्य के 15 जिलों के 800 से अधिक गांव सरयू और राप्ती नदियों में आई बाढ़ के कारण पानी में घिर गए हैं. उन्होंने कहा कि गोंडा, आजमगढ़ में तटबंध टूट गए हैं और उन्हें ठीक करने की कोशिश की जा रही है.

बिहार के 10 जिलों में बाढ़ का कहर जारी है. मुजफ्फरपुर के मुरौल इलाके में तिरहुत नहर पर बना तटबंध टूट जाने से यहां के दर्जनों गांव में बाढ़ का पानी घुस गया है. नेपाल से छोड़े गए पानी से घाघरा में पानी का अचानक बढ़ गया है. इससे बहराइच के कई इलाके डूब गए हैं.

असम में बाढ़ की स्थिति में सोमवार को काफी सुधार हुआ हालांकि एक और व्यक्ति की मौत हो गई. असम सरकार ने एक बुलेटिन में कहा है कि रविवार से बाढ़ प्रभावित लोगों की संख्या में 4.65 लाख की कमी आई है लेकिन 17 जिलों में लगभग 3.89 लाख लोग अब भी बाढ़ से प्रभावित हैं. इस बीच असम में ब्रह्मपुत्र नदी का कहर जारी है. माजुली में बांस का पुल टूट जाने से तेज बहाव के बीच 30 लोग फंस गए. हालांकि, कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला गया.

Post a Comment

0 Comments