
सलामी बल्लेबाज शान मसूद के शतक और शादाब खान के साथ शतकीय साझेदारी की मदद से अच्छा स्कोर बनाने के बाद अपने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की मदद से पाकिस्तान ने पहले क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन गुरुवार को इंग्लैंड पर दबाव बना लिया। पाकिस्तान ने पहली पारी में 326 रन बनाये जिसमें मसूद ने एक छोर संभालते हुए 156 रन का योगदान दिया। जवाब में इंग्लैंड ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक चार विकेट 92 रन पर गंवा दिये और वह अभी भी पाकिस्तान से 234 रन पीछे है।
इंग्लैंड ने पहले ही ओवर की चौथी गेंद पर रोरी बर्न्स (4) का विकेट गंवा दिया जो शाहीन शाह अफरीदी की गेंद पर पगबाधा आउट हुए । मोहम्मद अब्बास ने डोम सिबले (8) और स्टार बल्लेबाज बेन स्टोक्स (0) को सस्ते में पवेलियन भेजा । वहीं कप्तान जो रूट को यासिर शाह ने विकेट के पीछे लपकवाया जो 14 रन ही बना सके। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने पर ओली पोप 46 और जोस बटलर 15 रन बनाकर खेल रहे थे ।
पाकिस्तान की पारी का आकर्षण मसूद की मैराथन बल्लेबाजी रही। उन्होंने 470 मिनट तक क्रीज पर डटे रहकर 319 गेंदों का सामना किया और 18 चौकों तथा दो छक्कों की मदद से 156 रन बनाये। उन्होंने शादाब खान के साथ 105 रन की साझेदारी भी की। इंग्लैंड में पाकिस्तान के किसी सलामी बल्लेबाज का 24 साल में यह पहला शतक था, जो 251 गेंद में 13 चौकों की मदद से बना। इससे पहले उनका सर्वोच्च टेस्ट स्कोर 135 रन था, जो उन्होंने दिसंबर में श्रीलंका के खिलाफ कराची में बनाया था।
0 Comments