पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने क्रिकेट से सन्यास ले लिया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) हाल में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के लिए एक फेयरवेल मैच का आयोजन करने के लिए तैयार है। बीसीसीआई के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा कि बोर्ड आगामी आईपीएल के दौरान इस मामले में धोनी से बात करेगा और फिर उसी के अनुसार आगे का कार्यक्रम तय करेगा।
फेयरवेल मैच करने को तैयार है BCCI:
अधिकारी ने कहा, फिलहाल कोई अंतर्राष्ट्रीय सीरीज नहीं है। हो सकता है कि आईपीएल के बाद हम देखेंगे कि क्या किया जा सकता है क्योंकि धोनी ने देश के लिए बहुत कुछ किया है और वह इस सम्मान के हकदार हैं। हम हमेशा उनके लिए एक फेयरवेल मैच चाहते थे, लेकिन धोनी एक अलग खिलाड़ी हैं। जब उन्होंने अपने संन्यास की घोषणा की तो किसी ने भी इसके बारे में सोचा नहीं था।
पूर्व क्रिकेटर मदन लाल ने भी धोनी के लिए एक फेयरवेल मैच के आयोजन का समर्थन किया है। मदन लाल ने आईएएनएस से कहा, मुझे सच में खुशी होगी अगर बीसीसीआई धोनी के लिए मैच का आयोजन करता है। वह एक महान खिलाड़ी हैं और आप उन्हें ऐसे ही नहीं जाने दे सकते। उनके प्रशंसक उन्हें फिर से एक्शन में देखना चाहेंगे।
हो सकती है सीरीज की मेजबानी:
उन्होंने कहा, आईपीएल यूएई में हो रहा है और हर कोई उन्हें खेलते हुए देखने के लिए अपनी स्क्रीन से चिपकेगा। लेकिन बोर्ड, भारत में भी एक सीरीज की मेजबानी कर सकता है, ताकि लोग उन्हें स्टेडियम में लाइव (जाहिर है कि इस महामारी के खत्म होने के बाद) देख सकें।
0 Comments