भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आईपीएल 2020 के टाइटल प्रायोजन के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। आईपीएल के 13वें सत्र का कोरोना के कारण इस साल भारत में आयोजन नहीं होगा और बेशुमार दौलत से भरपूर इस टूर्नामेंट को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में 19 सितम्बर से 10 नवम्बर तक आयोजित किया जाएगा। हालांकि बीसीसीआई को आईपीएल को यूएई में कराने के लिए भारत सरकार से मंजूरी मिल गई है।

दरअसल, आईपीएल 2020 के टाइटल अधिकार 18 अगस्त से 31 दिसम्बर 2020 तक के लिए होंगे। इस अवधि के लिए अधिकार उसी पाट्री को दिए जाएंगे जो इसके लिए अपना आवेदन जमा कराएंगी और योग्य पायी जाएंगी। भारत और चीन के बीच सीमा पर तनाव के कारण बीसीसीआई और चीनी मोबाइल कंपनी वीवो ने 2020 में आईपीएल के 13वें संस्करण के लिए अपना करार निलंबित करने का फैसला किया था। बीसीसीआई ने गुरूवार को एक लाइन का बयान जारी कर कहा था कि भारतीय बोर्ड और वीवो मोबाइल इंडिया प्रा. लिमि. ने फैसला किया है कि 2020 में आईपीएल के लिए उनकी साझेदारी को निलंबित कर दिया जाए।

बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने सोमवार को एक बयान जारी कर यह जानकारी दी। बयान में हालांकि यह नहीं बताया गया है कि वीवो अगले साल टाइटल प्रायोजन के लिए लौटेगा या नहीं क्योंकि उसका पांच साल का करार अभी पूरा नहीं हुआ है। शाह ने कहा कि आईपीएल टाइटल प्रायोजन के लिए इच्छुक पाटिर्यों का टर्नओवर पिछले ऑडिट अकाउंट के अनुसार 300 करोड़ रुपये से ऊपर होना चाहिए।
0 Comments