सतीश कौशिक के बॉलीवुड में 41 साल पूरे, अनुपम खेर और शेखर कपूर ने दी बधाई

सतीश कौशिक के बॉलीवुड में 41 साल पूरे, अनुपम खेर और शेखर कपूर ने दी बधाई

अपने शानदार एक्टिंग और कॉमेडी से लोगों का दिल जीतने वाले सतीश कौशिक ने बॉलीवुड में 41 साल पूरे कर लिए हैं। सतीश कौशिक निर्देशक, प्रोड्यूसर और अभिनेता हैं। उन्होंने 100 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय करने के साथ-साथ कई फिल्मों का सफल निर्देशन भी किया है। सतीश कौशिक फिल्म जगत में अब भी सक्रिय हैं। सतीश कौश‍िक 10 अगस्‍त 1979 को पहली बार मुंबई पहुंचे थे। उन्‍होंने अपने संघर्ष और सफर को याद किया है। सतीश कौशिक को उनके दोस्त अनुपम खेर, फिल्ममेकर शेखर कपूर, उर्मिला मातोंडकर व अन्य ने उन्हें बधाई दी है। सतीश कौशिक ने ट्व‍िटर पर एक ब्‍लैक एंड व्हाइट तस्वीर शेयर की है, जिसमें वह रेलवे स्‍टेशन पर ट्रेन के सहारे खड़े हैं और कंधे पर एक बैग टांगे है और एक सूटकेस पैर के पास है।

सतीश कौशिक ने सोमवार को ल‍िखा-‘मैं पश्चिम एक्‍सप्रेस से 9 अगस्‍त 1979 को मुंबई के लिए निकला था और 10 अगस्‍त की सुबह यहां पहुंचा था। आंखों में अभिनेता बनने का सपना था। मुंबई ने मुझे काम, दोस्त, पत्नी, बच्चे, घर, प्यार, गर्मजोशी, संघर्ष, सफलता, विफलता और खुशी से जीने का साहस दिया। गुड मार्निंग मुंबई और उन सभी को जिन्‍होंने मेरे सपने पूरे करने में मदद की, धन्‍यवाद।’

अभिनेता अनुपम खेर ने अपने दोस्त और फिल्म निर्देशक सतीश कौशिक को बधाई दी। अनुपम खेर ने सतीश कौशिक के पोस्ट पर लिखा-‘प्यारे सतीश कौशिक मुंबई आने की 41वीं सालगिरह मुबारक! यहां आपके बढ़ते ग्राफ ने हजारों लोगों को आशा दी होगी। आपने वास्तव में कड़ी मेहनत की और आज आप इस मुकाम पर पहुंचे हैं। बधाई और बहुत अच्छा। अभी तो पार्टी शुरू हुई है। जय हो।’

अनुपम खेर के अलावा सतीश कौशिक के तमाम चाहने वाले और कई अन्‍य हस्सियों ने भी उन्‍हें बधाई दी है। फिल्ममेकर शेखर कपूर ने लिखा-‘स्वागत सतीश।’ अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर ने दिल वाला इमोजी शेयर किया है। सतीश कौशिक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के किरोड़ीमल कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है। उसके बाद उन्होंने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में दाखिला ले लिया। साल 1978 में वहां से पासआउट होने के बाद उन्होंने फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीयूट ऑफ इंडिया से पढ़ाई की। सतीश कौशिक ने 1983 में अपने करियर की शुरुआत बतौर सहायक निर्देशक शेखर कपूर के साथ फिल्म मासूम से की। इस फिल्म में सहायक निर्देशक होने के साथ-साथ उन्होंने अभिनय भी किया। सतीश कौशिक ने वर्ष 1983 में चार फ‍िल्‍मों में अभिनय किया। सतीश कौशिक ने 1987 में फिल्म मिस्टर इंडिया में कैलेंडर का किरदार निभाया था, जिसके बाद लोग उन्हें कैलेंडर बुलाने लगे थे। उसके बाद सतीश कौशिक ने पीछे मुड़कर नहीं देखा।

सतीश कौशिक जमाई राजा, साजन चले ससुराल, राम लखन, मिस्टर और मिसेज खिलाड़ी, घरवाली बाहर वाली, जाने भी दो यारो, रूप की रानी चोरों के राजा, हद कर दी आपने, हसीना मान जाएगी, गैंग्स ऑफ घोस्ट, मिलेंगे-मिलेंगे, राजा जी, उड़ता पंजाब जैसी कई शानदार फिल्मों में काम किया है। इसके अलावा उन्होंने कई टीवी सीरियल में भी काम किया है। उन्होंने बतौर निर्देशक अपने करियर की शुरुआत अनिल कपूर और श्रीदेवी की फिल्म रूप की रानी चोरों के राजा से की थी। उन्होंने फिल्म प्रेम को निर्देशित किया था, जो अभिनेत्री तब्बू की पहली फिल्म थी। इसके बाद उन्होंने अनिल कपूर और ऐश्वर्या की फिल्म हम आपके दिल में रहते हैं को निर्देशित किया था जो हिट हुई थी। सतीश कौशिक को बेहतरीन कामों के लिए कई अवार्ड्स से नवाजा जा चुका है।

Post a Comment

0 Comments