
इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में शान मसूद ने पाकिस्तानी की पहली पारी संभाल ली। उन्होंने मुश्किल परिस्थितियों में शानदार शतक लगाया। यह शान मसूद के टेस्ट करियर का चौथा शतक है। इस शतक के साथ ही उन्होंने कई रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए। वह टेस्ट मैचों में लगातार तीन शतक यानी हैट्रिक लगाने वाले छठे पाकिस्तान बल्लेबाज हैं। पाकिस्तान ने मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रेफर्ड में जारी सीरीज के पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन अपनी पहली पारी में 326 रन बनाए।
शान मसूद लगातार पिच पर टिके रहे और आउट होने से पहले उन्होंने 319 गेंदों पर 156 रनों की शानदार पारी खेली। मसूद ने इस दौरान 18 चौके और 2 छक्के जड़े। इससे पहले मसूद सर्वोच्च टेस्ट स्कोर 135 रन था जो उन्होंने दिसंबर में श्रीलंका के खिलाफ कराची में बनाया था । इसके अलावा फरवरी में रावलपिंडी में बांग्लादेश के खिलाफ उन्होंने 100 रन बनाये थे ।
इंग्लैंड में पाकिस्तान के किसी सलामी बल्लेबाज का 24 साल में यह पहला शतक साबित हुआ। मसूद ने 251 गेंद में 13 चौकों की मदद से ये शतक पूरा किया। इससे पहले ये रिकॉर्ड सईद अनवर के नाम दर्ज था। अनवर ने 1996 में ओवल मैदान पर खेलते हुए मेजबान इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 176 रनों की पारी खेली थी। उसके बाद से कोई भी पाकिस्तानी ओपनर इंग्लैंड में शतक नहीं बना सका था।
0 Comments