
कोरोना वायरस महामारी के कारण 13 मार्च के बाद से कोई इंटरनेशनल मैच नहीं खेला गया था, लेकिन मेजबान इंग्लैंड और वेस्टइंडीज की टीम ने वो साहस दिखाया, जिससे क्रिकेटरों ही नहीं, बल्कि क्रिकेट प्रेमियों के चेहरों पर भी खुशी दौड़ गई, क्योंकि करीब चार महीने के बाद सभी को कम से कम लाइव क्रिकेट देखने का मौका मिला। इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही तीन मैचों की टेस्ट सीरीज ऐतिहासिक है।
इसी ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 12 जुलाई को समाप्त हुआ। मेजबान इंग्लैंड की टीम मुकाबले के पांचवें दिन एक रोमांचक मैच में कैरेबियाई टीम के हाथों हार गई। वेस्टइंडीज ने मेजबानों को चार विकेट से शिकस्त देकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। इस टेस्ट मैच के नतीजे के बाद दुनिया के तमाम दिग्गज खिलाड़ियों ने रिएक्शन दिया है। यहां तक कि सीरीज के दौरान ही भारत समेत कई देशों के खिलाड़ी क्रिकेट खेलने के लिए बेताब दिखे।
इंग्लैंड पर पहले टेस्ट मैच में मिली जीत के बाद वेस्टइंडीज टीम के पूर्व कप्तान और महान बल्लेबाज ब्रायन लारा ने कहा है, “पहले टेस्ट मैच में वेस्टइंडीज की शानदार जीत। मुबारक हो जेसन होल्डर और उनके साथियों। इसी के साथ ही कोचिंग स्टाफ और मैनेजमेंट स्टाफ को बधाई जिन्होंने इन खिलाड़ियों को तैयार किया।”
ब्रायन लारा के अलावा वेस्टइंडीज की ही टीम के पूर्व महान बल्लेबाज सर विवियन रिचर्ड्स ने भी ट्वीट किया है। विव रिचर्ड्स ने लिखा है, “क्या जीत है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की वापसी का टेस्ट हमने जीता। टीम ने गजब का प्रदर्शन किया। यह टीम इस मैच में जीत की हकदार है। टीम को बधाई। हमें आप पर गर्व है।”
वहीं, भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने भी इस टेस्ट मैच के परिणाम के बाद अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने लिखा है, “एकजुट होकर दोनों टीम ने शानदार खेल दिखाया। जर्मेन ब्लैकवुड ने एक बहुत ही मुश्किल परिस्थिति में शानदार पारी खेली। एक शानदार जीत, जिसने सीरीज की अच्छी पटकथा लिख दी है।”
भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली का रिएक्शन भी वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के बीच खेले गए पहले टेस्ट मैच के परिणाम के बाद देखने को मिला है। कैरेबियाई टीम को मिली जीत को विराट ने शानदार बताया है। उन्होंने लिखा है, “शानदार जीत। दोनों टीमों ने बेहतरीन टेस्ट मैच खेला और दर्शकों का टीवी पर भरपूर मनोरंजन कराया।” जबकि पूर्व भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने लिखा है, “क्रिकेट की वापसी का यह मैच देखने में अच्छा लगा और साथ ही विंडीज टीम को जीतने पर बधाई।”
0 Comments