
भारतीय मूल के डॉक्टर विकास कुमार का नाम अपनी जर्सी पर पहनकर बेन स्टोक्स वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले प्रैक्टिस सेशन में उतरे थे। इंग्लैंड के तमाम क्रिकेटरों ने प्रैक्टिस सेशन में जो जर्सी पहन रखी थी, उसके पीछे उन डॉक्टरों के नाम लिखे थे, जिन्होंने कोविड-19 महामारी (कोरोना वायरस संक्रमण) के खिलाफ जंग में फ्रंट लाइन में खड़े होकर जिम्मा संभाला था।
इनमें डरहम काउंटी के अर्लिंग्टन हॉस्पिटल के एनेस्थिसियोलॉजिस्ट डॉ. विकास कुमार भी शामिल हैं। डॉ. विकास के नाम की जर्सी इंग्लैंड टीम के कार्यवाहक कप्तान बेन स्टोक्स ने पहनी थी। इस तरह से इंग्लिश क्रिकेटरों ने कोविड-19 के खिलाफ जंग में शामिल हुए डॉक्टरों को सलाम किया था। खिलाड़ियों की जर्सी पर डॉक्टर के नाम के बाद '#raisethebat' लिखा था। चलिए आपको बताते हैं कि डॉ. विकास हैं कौन।
टाइम्स नाउ के से बातचीत में डॉ. विकास ने कहा, 'मैं दिल्ली में सर्विस बैकग्राउंड से आया हुआ इंसान हूं। हम तीन भाई हैं, जो अलग-अलग लेवल पर क्रिकेट खेल चुके हैं। हम मिडिल क्लास परिवार से हैं तो हमने रिस्क की जगह सिक्योरिटी को चुना और अकैडमिक करियर में आगे बढ़े, तो मुझे लगता है कि मुझसे ज्यादा मेरे भाई खुश होंगे कि सर्वकालिक बेस्ट ऑल-राउंडर्स में शुमार बेन स्टोक्स की जर्सी पर मेरा नाम था।'
कोविड-19 से दुनिया के ज्यादातर देश जूझ रहे हैं और तब से डॉक्टर्स फ्रंट लाइन पर खड़े होकर इस महामारी के खिलाफ जंग लड़ रहे हैं।विकास ने कहा कि मैं जानता हूं कि यह कैंपेन उन सभी के लिए है, जिन्होंने इस महामारी के खिलाफ जंग में आगे बढ़कर जिम्मेदारी उठाई और बिना थके काम किया। इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच साउथम्पटन में खेला जा रहा है। इस सीरीज के साथ ही कोविड-19 महामारी के चलते मार्च के बाद इंटरनैशनल क्रिकेट की वापसी हुई है।
0 Comments