गुजरात और महाराष्ट्र में मूसलाधार बारिश से बाढ़ जैसे हालात, जानें अन्य राज्यों का हाल

 गुजरात और महाराष्ट्र में मूसलाधार बारिश से बाढ़ जैसे हालात, जानें अन्य राज्यों का हाल

देश के अलग-अलग हिस्सों में मानसून का असर दिखाई दे रहा है। गुजरात, महाराष्ट्र और बिहार में भारी बारिश से बुरा हाल है। इन राज्यों में कई इलाकों में लगातार हो रही बारिश से बाढ़ जैसी हालात बन गई है। भारतीय मौसम विभाग ने अगले चार-पांच दिनों में मध्य एवं पश्चिमोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान व्यक्त किया है।मौसम विभाग के अनुसार मानसून अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर है। इस वजह से अगले चार-पांच दिनों में मध्य और पश्चिमोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में व्यापक बारिश होने की संभावना है। विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिनों में ओडिशा, बंगाल, झारखंड और बिहार में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा अगले तीन दिनों के दौरान गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्र में भी भारी बारिश की संभावना है।

गुजरात में बारिश से बुरा हाल, द्वारका समेत कई शहरों में सड़कें पानी-पानी

इस बीच गुजरात के कई जिलों में भारी बारिश से कोहराम मचा है। गुजरात के द्वारका, जूनागढ़ और पोरबंदर इलाके में बीते दिन जमकर बरसात हुई है। इस बारिश से तो द्वारका में हालात बेकाबू से होते दिख रहे हैं, जहां सड़कों पर पानी-पानी हो गया है और मानो नदियां सड़क पर ही बह रही हों।

द्वारका से जो तस्वीरें सामने आई हैं, उनमें देखा जा सकता है कि शहर के बड़े हिस्से में पानी काफी भर गया है।कुछ कॉलोनियों में पानी भरने के कारण गाड़ियां तैरने लगी हैं, जबकि सड़कों का तो बुरा हाल है। द्वारका की तरह ही पोरबंदर और जूनागढ़ का भी यही हाल है। यहां कई इलाकों में पानी भर चुका है, जबकि कुछ ही घंटों की जोरदार बारिश में ऐसा हाल हुआ है।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों तक सौराष्ट्र, उत्तर और दक्षिण गुजरात में तेज बारिश हो सकती है, ऐसे में हर किसी को सचेत किया गया है। बारिश के कारण जूनागढ़ की नदी में भी पानी ऊपर तक बह रहा है, ऐसे में स्थानीय लोगों को नदी के किनारे ना जाने की चेतावनी दी गई है।

गुजरात के अलावा मुंबई में भी बुरा हाल

बता दें कि गुजरात के अलावा महाराष्ट्र के कई हिस्सों खासकर मुंबई में भी बारिश की वजह से बुरा हाल है। मुंबई में मानसून ने शानदार दस्तक दी है, जिसके बाद से ही यहां बारिश हो रही है। और हर बार की तरह इस बार भी मुंबई में पहली बारिश में BMC के काम की पोल खोल दी है।

मुंबई के कई हिस्सों में पानी भरा रहा और सड़कें नदियों में तब्दील हो गईं। कोरोना वायरस का बढ़ता खतरा और अब ऊपर से बारिश की मार से मुंबई के सामने दोहरी चुनौती आ गई है।

Post a Comment

0 Comments