
सदी के महानायक अमिताभ बच्चन सहित उनके पूरे परिवार के जल्द ठीक होने के लिए पूजा-पाठ और हवन पूजन का दौर शुरू हो चुका है। कोरोना वायरस के चलते महाराष्ट्र में समाजिक दूरी और मंदिरों में पूजा-पाठ पर रोक लगी है फिर भी लोग इसका हल निकाल ले रहे हैं। कोई ऑनलाइन पूजा के लिए बुकिंग कर रहा है तो कहीं लोग अपने-अपने घरों में उनके ठीक होने के लिए घंटों मंत्रों का जाप कर रहे हैं।
मुंबई पश्चिमी उपनगर कांदिवली के गणेश नगर इलाके में स्थित मिथिला हनुमान मंदिर में कुछ लोगों ने अमिताभ बच्चन और उनके परिवार के लिए हवन पूजन किया जबकि इलाके के 10 हजार लोगों ने अपने-अपने घरों में महामृत्युंजय मंत्र का जाप किया। यहां के निवासी गोपाल झा, मुकेश चौधरी, दिनेश सिंह, दीपक पांडे और विनोद गुप्ता आदि युवकों ने स्थानीय पार्षद कमलेश यादव की मदद से हवन पूजन का आयोजन किया।

युवक इलाके में रहने वाले लोगों के घर गए और उनसे प्रार्थना की कि वह सुबह 10 बजे से दोपहर साढ़े 12 बजे तक बच्चन परिवार के जल्द सेहतमंद होने के लिए अपने अपने घरों में महामृत्युंजय का जाप करें। यहां के अधिकतर लोग भी बच्चन परिवार के प्रशंसक हैं इसलिए लोगों ने आग्रह को स्वीकार कर लिया और इलाके के हजारों लोगों ने बच्चन परिवार के लिए प्रार्थना की।
0 Comments