
वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज सर एवर्टन वीक्स का 95 साल की उम्र में बुधवार को निधन हो गया। वीक्स को 2019 में हार्ट अटैक आया था और उसके बाद से वह अस्वस्थ थे।
एवर्टन वीक्स ने क्लाइड वॉलकट और फ्रैंक वॉरेल ने बारबाडोस में जन्म लेने वाली प्रसिद्ध तिकड़ी ‘थ्री डब्ल्यू’ बनाई, जिसने युद्ध के पहले के समय में विश्व क्रिकेट पर राज किया। इन तीनों में वेस्टइंडीज के लिए 48 टेस्ट खेलने वाले वीक्स सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज थे।
एवर्टन वीक्स ने टेस्ट क्रिकेट में जड़े 15 शतक
वीक्स ने 1948 से 1958 के दौरान 58.62 के औसत से 4455 रन बनाए। उन्होंने 15 टेस्ट शतक जड़े। छोटे और गठीले बदन के वीक्स को गेंद के सबसे बेहतरीन टाइमर के रूप में जाना जाता है क्योंकि उनमें गेंद की लेंथ जल्दी पहचानने की नैसर्गिक प्रतिभा थी।
वीक्स ने साथ ही 152 प्रथम श्रेणी मैचों में 55.34 के औसत से 12010 रन बनाए, जिनमें 36 शतक शामिल हैं, 304 रन उनका सर्वाधिक स्कोर था।
रिटायरमेंट के बाद भी वीक्स ने खेल की सेवा जारी रखी क्योंकि उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के लिए कोच, प्रशासक और मैच रेफरी के रूप में काम किया। वीक्स ने 1979 विश्व कप में कनाडा को कोचिंग दी थी।
वीक्स को 2009 में आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया था। उन्हें 1995 में नाइटहुड से सम्मानित किया गया था। बारबाडोस में वेस्ट इंडीज विश्वविद्यालय में ‘तीन डब्ल्यू’ ओवल प्रसिद्ध तिकड़ी के नाम पर है।
0 Comments