महाराष्ट्र में कोरोना का कहर, पिछले 24 घंटे में सामने आए इतने नए केस



महाराष्ट्र में रविवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 7,827 नए मामले सामने आए, जिसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,54,427 तक पहुंच गई। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। विभाग ने एक बयान में कहा कि इस घातक वायरस के कारण 173 और मरीजों की मौत के साथ ही मृतकों का आंकड़ा 10,289 तक जा पहुंचा। इसके मुताबिक, रविवार को कुल 3,340 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इसके साथ ही अब तक राज्य में 1,40,325 मरीज संक्रमणमुक्त हो चुके हैं। राज्य में अब तक 13,17,895 नमूनों की जांच की गई है। वहीं, राज्य में फिलहाल 1,03,813 मरीज उपचाराधीन हैं।

दक्षिण मुंबई में स्थित राजभवन के 18 कर्मचारी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। नगर निकाय के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। इस संबंध में एक अन्य अधिकारी ने बताया कि महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ठीक हैं और उन्होंने एहतियाती तौर पर खुद को पृथक कर लिया है। अधिकारी ने बताया कि राजभवन के दो कर्मचारी गत सप्ताह संक्रमित पाए गए थे जिसके बाद 100 अन्य कर्मचारियों की जांच कराई गई जिनमें से 16 संक्रमित पाए गए। सूत्रों ने बताया कि संक्रमित पाए गए कर्मचारियों में स्टाफ के वरिष्ठ सदस्य भी शामिल हैं।



भारत में कोरोना वायरस से सबसे अधिक प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में शनिवार को एक दिन में रिकॉर्ड 8,139 नए मामले आने के साथ ही राज्य में संक्रमण के मामलों की कुल संख्या 2,46,600 हो गई। मामलों में वृद्धि ऐसे समय में हुई है जब राज्य सरकार ने पुणे जिले में 10 दिन के लॉकडाउन की घोषणा की है।

Post a Comment

0 Comments