
कोरोना वायरस महामारी के बीच इंटरनेशनल क्रिकेट की बहाली जरूर हो गई है, लेकिन इस महामारी के कारण क्रिकेट पर काफी असर देखने को मिला है। कोरोना वायरस की वजह से ओलंपिक जैसे खेल एक साल के लिए स्थगित कर दिए गए हैं, जबकि क्रिकेट के मामले में ये लिस्ट काफी लंबी है, क्योंकि दर्जनों द्विपक्षीय सीरीज के अलावा इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल जैसे टूर्नामेंट को भी टाल दिया गया है। इसके बाद एक और खबर ये सामने आई है कि इस साल होने वाला एशिया कप भी रद कर दिया दया है।
दरअसल, कोरोना के कारण इस साल सितंबर में होने वाले एशिया कप को रद कर दिया गया है। इस बात की घोषणा भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने बुधवार को की है। इस साल पाकिस्तान के पास एशिया कप की मेजबानी थी, जो कि टी20 फॉर्मेट में टी20 वर्ल्ड कप से ठीक पहले होना था, लेकिन टी20 वर्ल्ड कप का आयोजन अभी खतरे में है और द्विपक्षीय सीरीजों को देखते हुए सौरव गांगुली ने इस बात ऐलान कर दिया है कि इस साल एशिया कप आयोजन नहीं होगा।

इंस्टाग्राम लाइव सत्र में स्पोर्ट्स तक से बात करते हुए सौरव गांगुली ने कहा है, "एशिया कप रद हो चुका है, जो सितंबर में आयोजित होना था।" एशिया कप का आयोजन संयुक्त अरब अमीरात या फिर श्रीलंका में होना था, क्योंकि पाकिस्तान को टूर्नामेंट की मेजबानी करनी थी, लेकिन पाकिस्तान की यात्रा करने को भारत तैयार नहीं था। बीसीसीआई ने कहा था कि अगर टूर्नामेंट का आयोजन तटस्थ स्थान पर होता है तो उसे पाकिस्तान द्वारा एशिया कप की मेजबानी से कोई समस्या नहीं है, लेकिन पाकिस्तान ने अभी तक कुछ स्पष्ट नहीं किया था।

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और मौजूदा बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने भले ही एशिया कप के रद होने की सूचना सार्वजनिक कर दी हो, लेकिन एशियन क्रिकेट काउंसिल यानी एसीसी और टूर्नामेंट के मेजबान पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी पीसीबी ने अभी कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी है। बता दें कि हाल ही में एसीसी की मीटिंग हुई थी, जिसमें ये फैसला किया गया था कि एशिया कप 2020 पर आखिरी फैसला जुलाई में लिया जाएगा, लेकिन इस मीटिंग से पहले ही गांगुली ने इस बड़े टूर्नामेंट के रद होने की सूचना दी है।
0 Comments