
कजाकिस्तान से लौटा एक 72 साल का बुजुर्ग इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (आईजीआई) से लापता हो गया था. पुलिस ने बुजुर्ग को ट्रैस किया तो उसके गाजियाबाद में होने की जानकारी मिली. पुलिस ने बुजुर्ग को 14 दिन के लिए होम क्वारनटीन में घर भेज दिया है. पुलिस के अनुसार दिलशाद गार्डन निवासी 72 साल के हरजीत सिंह 27 जून को आईजीआई एयरपोर्ट पहुंचे थे.
हरजीत सिंह, कजाकिस्तान के अल्माटी से उड़ान संख्या एआई 1916 से दिल्ली पहुंचे थे. वे आईजीआई हवाई अड्डे के टर्मिनल -3 में स्क्रीनिंग हॉल के प्रवेश द्वार से लापता हो गए. यमुना विहार के सब डिविजनल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) के स्टाफ ने इसकी जानकारी पुलिस को दी थी. सूचना मिलने के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने लापता हरजीत की तलाश शुरू की और उन्हें गाजियाबाद में ट्रैस कर लिया गया.
कोरोना कमांडोज़ का हौसला बढ़ाएं और उन्हें शुक्रिया कहें
पुलिस के अनुसार हरजीत सिंह ने जानबूझकर स्क्रीनिंग की प्रक्रिया को छोड़ दिया था. ऐसा इसलिए, क्योंकि हरजीत को गृह मंत्रालय की गाइडलाइंस के अनुसार इंस्टिट्यूशनल क्वारनटीन में रहना पड़ता. अब पुलिस ने हरजीत के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और महामारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है.
जांच के दौरान यह पाया गया कि यात्री की ओर से दिया गया मोबाइल नंबर और पता उपयोग में नहीं है. एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज के सहारे उस वाहन की पहचान की गई, जिस वाहन से हरजीत सिंह एयरपोर्ट से निकले थे. वाहन के पंजीकरण संख्या और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से हरजीत को गाजियाबाद के इंदिरापुरम से पकड़ 14 दिन के लिए होम क्वारनटीन में भेज दिया गया.
0 Comments