
दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले तेजी से बढ़े हैं. इसे देखते हुए दिल्ली के राधास्वामी व्यास छतरपुर में 10,000 से ज्यादा बेड वाले कोविड केयर सेंटर को शुरू किया गया है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल संयुक्त रूप से इस कोविड-19 सेंटर का दौरा किया.
इस दौरे के ऐलान से ठीक पहले आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने केंद्र सरकार पर अस्पताल को लेकर हमला बोला था. संजय सिंह ने केंद्र सरकार पर तंज करते हुए ट्वीट किया था कि सुना है दिल्ली सरकार द्वारा बनाए गए दुनिया के सबसे बड़े कोविड अस्पताल का गृह मंत्री अमित शाह 'चोरी-चोरी, चुपके-चुपके' उद्घाटन करने आ रहे हैं. भाजपा कोरोना से लड़ रही है या फिर अरविंद केजरीवाल से?'
आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के बीच क्रेडिट वार इससे पहले शुरू हो, विवाद थमता नजर आ रहा है. दिल्ली के राधास्वामी व्यास छतरपुर में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आइटीबीपी) की टीम ने 10,000 से भी ज्यादा बिस्तरों वाले प्रस्तावित कोविड केयर सेंटर की जिम्मेदारी संभाली है.आईटीबीपी के डॉक्टरों और प्रशासकों की टीम ने बुधवार सुबह से ही कोविड केयर सेंटर में तैयारियों की शुरुआत कर दी थी. आइटीबीपी की टीमों ने दिल्ली सरकार और जिला प्रशासन के अधिकारियों और आश्रम के अलग-अलग अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें भी की थीं.
दावा किया जा रहा है कि यह सबसे बड़ा है. 26 जून से लगभग 2000 बेड की क्षमता वाला सेंटर काम कर रहा है. धीरे-धीरे इसकी संख्या में कोविड मरीजों के अनुसार बढ़ोतरी की जाएगी. इसकी अधिकतम क्षमता 10, 200 बेड तक की जा सकती है. यह अब तक का सबसे बड़ा सेंटर होगा जिसमें लगभग 1,000 से भी ज्यादा डॉक्टरों के शामिल होने की संभावना है.
0 Comments